India T20 World Cup: घर में ‘बेघर’ भारतीय टीम, सेमीफाइनल में पहुंचना आसान नहीं
jimmc news desk(Archana mourya);India T20 WC 2026 Semi Final Qualification Scenario: टी-20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका से बड़ी हार के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही है। खराब बल्लेबाजी और बेहद कम नेट रन रेट (-3.800) के कारण अब टीम को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी। साथ ही, उन्हें अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
India T20 World Cup 2026 Semi Final Scenario: अबकी बार 300 पार के शोरगुल के बीच टी-20 विश्व कप खेलने उतरी भारतीय टीम सुपर-8 चरण की शुरुआत में ही अगर-मगर की डगर में फंस गई है। जो टीम इस विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 7 विकेट पर 238, तीन विकेट पर 209 और पांच विकेट पर 271 रनों जैसे विशालकाय स्कोर बना रही थी, उसकी बल्लेबाजी अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐसी ढही कि अब घर में ही सेमीफाइनल में पहुंचने के लाले पड़ गए हैं।
इस समय भारतीय प्रशंसकों की स्थिति ‘काटो तो खून नहीं’ जैसी है। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद थी कि दुनिया की नंबर वन टीम को घरेलू परिस्थितियों का फायदा मिलेगा लेकिन अब तक पांच में से चार मैच भारत में खेलने के बावजूद सूर्य कुमार यादव की टीम घर में बेघर जैसा महसूस कर रही है।