Rajpal Yadav Cheque bounce Case: राजपाल यादव की जमानत याचिका की ख़ारिज, मदद के लिए आगे आये सलमान खान, सोनू सूद ने ऑफर की फिल्म
JIMMC NEWS-DESK(Astha bhadoria):बॉलीवुड के हास्य कलाकार राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में 5 फरवरी को आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसकी जमानत याचिका 12 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने ख़ारिज कर दी और राजपाल यादव को जमकर फटकार लगाई है।
कोर्ट के जस्टिस ने कहा कि राजपाल यादव ने अपने कमिटमेंट का सम्मान नहीं रखा। कोर्ट ने कहा- राजपाल यादव ने कम से कम 25 बार कहा होगा कि वो पैसे दे देंगे, लेकिन उन्होंने अपना ये कमिटमेंट पूरा नहीं किया। जिसके बाद उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई गयी है, और अगली सुनवाई 16 फरवरी को होगी।
राजपाल यादव ने फरवरी 2026 में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था। सरेंडर के समय राजपाल यादव इमोशनल हो गए थे। उन्होंने कहा था – “सर, मेरे पास पैसे नहीं हैं, और कोई उपाय भी नहीं दिखता, यहाँ हम सभी लोग अकेले हैं, कोई दोस्त भी नहीं है, इस मुश्किल से मुझे अकेले खुद ही डील करना पड़ेगा।”
क्या है पूरा मामला
राजपाल यादव ने वर्ष 2010 में अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म “अता पता लापता” के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, जिसके मालिक माधव गोपाल अग्रवाल हैं, उनसे 5 करोड़ का कर्ज लिया था। लेकिन फिल्म बॉक्स-ऑफिस में फ्लॉप हो गयी, जिसके वजह से वो कर्ज नहीं चुका पाए। समय के साथ ब्याज और पेनल्टी मिलकर यह लगभग ₹9 करोड़ तक बढ़ गया।
राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने बॉलीवुड सितारों को लेकर कही बड़ी बात –
राधा यादव ने इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया है, उन्होंने कहा – “इंडस्ट्री के कई लोगों ने हमारे मुश्किल समय में साथ दिया है। हम सभी के आभारी हैं। जो लोग राजपाल जी के लिए खड़े हुए, उनका धन्यवाद। हमें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और उम्मीद है कि जल्द सब ठीक होगा।”
बॉलीवुड सितारों ने दिया मदद का आश्वासन –
राजपाल यादव के इस मुश्किल समय में कई बॉलीवुड हस्तियां उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद ने राजपाल यादव को एक फिल्म ऑफर की है। वहीं KRK ने 10 लाख रुपए की मदद करने का और बॉलीवुड से राजपाल यादव का कर्ज चुकाने में योगदान करने की अपील की है। इनके अलावा राजनेता तेज प्रताप ने भी 11 लाख की सहायता करने का वादा किया है।
इसके सिवा सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन, गुरु रंधावा, मीका सिंह आदि ने भी आर्थिक मदद का वादा किया है।